हरदोई में पुलिस मुठभेड़, शातिर पशु तस्कर घायल, सिपाही को भी लगी गोली

हरदोई में पुलिस मुठभेड़, शातिर पशु तस्कर घायल, सिपाही को भी लगी गोली

Hardoi

जनपद के सवायजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और पशु तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर पशु तस्कर घायल हो गया, जबकि बदमाशों की फायरिंग में यूपी पुलिस का एक सिपाही भी घायल हुआ है। पुलिस ने घायल तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया गया कि बीते 3 फरवरी को ग्राम पदमलापुर निवासी मुकेश और सूरज ने अपनी भैंसें चोरी होने की रिपोर्ट सवायजपुर थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देश पर पशु चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। शनिवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने गंगा एक्सप्रेस-वे के पास घेराबंदी की।

इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ फायरिंग में आरोपी अनीस पुत्र लतीफ, निवासी ग्राम खैरपुर जनपद शाहजहांपुर, के बाएं पैर में गोली लग गई। वहीं बदमाशों की फायरिंग में कांस्टेबल संजय मौर्य भी घायल हो गए।

घायल आरोपी और सिपाही को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 4200 रुपये नगद, एक मोटरसाइकिल, 12 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अनीस शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ शाहजहांपुर और बरेली जनपद के विभिन्न थानों में गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित आठ से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

इस सफल कार्रवाई में सवायजपुर थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार, उपनिरीक्षक शिवशंकर मिश्रा, राकेश कुमार, अशोक कुमार सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।