ट्रांसफार्मर चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

ट्रांसफार्मर चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

#Hardoi

अधिशाषी अभियंता विद्युत द्वारा जनपदवासियों को सतर्क करते हुए बताया गया है कि इन दिनों हरदोई जनपद में एक सक्रिय गिरोह ट्रांसफार्मर, ट्रांसफार्मर ऑयल एवं अन्य विद्युत पार्ट्स की रात के समय चोरी कर रहा है। बीते दो दिनों में हरदोई खंड क्षेत्र से दो ट्रांसफार्मरों से जुड़ी घटनाएं सामने आई हैं।

पहली घटना 01 फरवरी 2026 की रात की है, जब उमरौली ग्राम में स्थापित 250 केवीए का ट्रांसफार्मर चोरी कर लिया गया। इस मामले में तत्काल संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

दूसरी घटना 03 फरवरी 2026 को रेलवे लाइन चांदमारी के पास हुई, जहां 400 केवीए ट्रांसफार्मर को चोरी करने का प्रयास किया गया। हालांकि आसपास के लोगों के जाग जाने के कारण चोर ट्रांसफार्मर छोड़कर भाग निकले, लेकिन ट्रांसफार्मर ऑयल और लीड चोरी करने में सफल रहे। यह दोनों घटनाएं कोतवाली देहात थाना क्षेत्र से संबंधित हैं। दूसरी घटना के संबंध में भी प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है और पुलिस जांच में जुट गई है।

अधिशाषी अभियंता विद्युत ने आमजन से अपील की है कि वे रात्रि के समय अपने मोहल्ले या आसपास लगे ट्रांसफार्मरों के पास किसी भी प्रकार की संदिग्ध या असामान्य गतिविधि देखें तो तत्काल संबंधित बिजलीघर, विभागीय कर्मचारी अथवा नजदीकी पुलिस चौकी को सूचना दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।