स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जयदेव कपूर के स्मृति द्वार पर शरारती तत्वों द्वारा पोस्टर लगाए जाने पर पालिका अध्यक्ष ने दी कार्रवाई की चेतावनी

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जयदेव कपूर के स्मृति द्वार पर शरारती तत्वों द्वारा पोस्टर लगाए जाने पर पालिका अध्यक्ष ने दी कार्रवाई की चेतावनी


हरदोई
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी न केवल इतिहास के पन्ने हैं, बल्कि वे आधुनिक भारत के अस्तित्व की नींव हैं। उनका अस्तित्व उनके द्वारा किए गए त्याग, बलिदान और उस अदम्य साहस का प्रतीक है जिसने ब्रिटिश शासन की जड़ों को हिला दिया था।

शहर के जिंदपीर चौराहे पर स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जयदेव कपूर के स्मृति द्वार पर पोस्टर लगाए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। शहर में सरकारी खर्च से बने प्रवेश द्वारों और दिशा संकेतकों पर राजनीतिक पोस्टर लगाने की होड़ के बीच कुछ लोगों ने सेनानी जयदेव कपूर के तोरण द्वार को ?मदारी पासी चौक? के पोस्टरों से पूरी तरह ढक दिया,जिससे सेनानी के परिवार और स्थानीय नागरिकों में भारी रोष फैल गया।

बीते कुछ दिन पहले गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पुलिस लाइन में जयदेव कपूर के पुत्र संजय कपूर को सम्मानित किया था। ऐसे में महापुरुष के नाम और स्मृति चिन्ह को ढकने की इस घटना पर संजय कपूर ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विवादित पोस्टरों को हटवाया और तोरण द्वार को पूर्व स्थिति में बहाल कराया। नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए इसे शरारती तत्वों की साजिश बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि महापुरुषों का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और होर्डिंग व पोस्टर लगाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।