हरदोई में हर्षोल्लास के साथ मना गणतंत्र दिवस, डीएम ने कलेक्ट्रेट में झंडा फहराया, पुलिस लाइन में मंत्री ने ली परेड की सलामी

हरदोई। जिले में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस का पर्व पूरे हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अनुनय झा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इसके पश्चात उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। जिलाधिकारी ने अपने संदेश में लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्रीय एकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने का आह्वान किया।
वहीं, पुलिस लाइन हरदोई में आयोजित मुख्य समारोह में गणतंत्र दिवस बड़े धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी रही। उन्होंने पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराया, सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हरदोई अशोक कुमार मीणा ने उपस्थित अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और जवानों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई।
पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला भी आयोजित की गई। मनमोहक झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया, जबकि पुलिस जवानों द्वारा प्रस्तुत किए गए अनुशासन, साहस और कौशल से भरे करतबों ने सभी को प्रभावित किया। परेड की अगुवाई पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा और क्षेत्राधिकारी बघौली प्रवीण कुमार यादव ने की।
इसके अलावा पूरे जनपद में गणतंत्र दिवस की धूम देखने को मिली। सभी सरकारी कार्यालयों, समस्त थानों, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी व निजी प्रतिष्ठानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। जगह-जगह देशभक्ति कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन और राष्ट्रगान का आयोजन हुआ। चारों ओर देशप्रेम और उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने एक स्वर में राष्ट्र की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। गणतंत्र दिवस के इन आयोजनों ने जिलेवासियों में राष्ट्रप्रेम और गौरव की भावना को और अधिक सशक्त किया।