मिशन शक्ति के तहत छात्राओं ने संभाला आरटीओ कार्यालय का कार्यभार, महिलाओं व बालिकाओं को किया गया सशक्त

अलीगढ़। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के उद्देश्य से शारदीय नवरात्रि पर्व पर आरंभ हुए मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत सोमवार को संभागीय परिवहन कार्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य नारा ?सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश? रहा।इस अवसर पर कक्षा 12 की छात्रा कु0 अर्पिता पाण्डे ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अलीगढ़ का कार्यभार संभाला, जबकि कु0 यशिका चैहान ने सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रशासन के रूप में कार्य किया। दोनों छात्राओं ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली का अनुभव प्राप्त किया और आम नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान भी किया।कार्यक्रम में महिला निरीक्षक द्वारा उपस्थित छात्राओं और महिलाओं को पुलिस विभाग की विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं- मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, वीमेन पॉवर लाइन-1090, महिला हेल्पलाइन-181, चाइल्ड लाइन-1098, साइबर हेल्पलाइन-1930, पुलिस आपातकालीन सेवा-112 और एम्बुलेंस सेवा-108 के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।आरटीओ दीपक शाह ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से मिशन शक्ति का संदेश पूरे उत्साह और प्रभाव के साथ दिया गया कि ?नारी सशक्त होगी तो प्रदेश समृद्ध होगा।? कार्यक्रम में संभागीय परिवहन अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), पुलिस विभाग के अधिकारी, रेडिएंट स्टार इंग्लिश स्कूल की छात्राएं, अध्यापिकाएं एवं अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।