धान खरीद में राइस मिलरों की मनमानी रोकने को भाकियू टिकैत ने धरना प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन।

पीलीभीत। धान खरीद में राइस मिलों की मनमानी के खिलाफ भारतीय टिकैत के कार्यकर्ताओं ने तहसील पूरनपुर में पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। दूसरे जिले से धान की आवक और ओवरलोड वाहनों के संचालन पर भी कड़ी नाराजगी जताई। किसानों ने इस पर कार्रवाई करने को कहा है। धान खरीद व्यवस्था में सुधार ना होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। धान की खरीद दरों को लेकर पुरनपुर क्षेत्र में मंगलवार को भाकियू टिकैत में भारी आक्रोश देखने को मिला। मंगलवार को संगठन के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने पूरनपुर तहसील में धरना देकर जमकर नारेबाजी की। किसानों का आरोप है कि पूरनपुर और कलीनगर के राइस मिलर मनमाने रेट पर धान खरीद कर रहे हैं और सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य की अनदेखी कर रहे हैं। इसी वजह से किसानों को अपने धान का सही मूल्य नहीं मिल पा रहा है।
प्रदेश उपाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने कहा कि धान खरीद में किसानों के साथ शोषण किया जा रहा है। अन्य जिलों से डबल ट्राली जोड़कर यहां धान लाया जाता है। इससे दुर्घटनाओं की भी आशंका बनी रहती है। इसके अलावा स्थानीय किसानों को भी उनकी उपज का वास्तविक मूल्य नहीं मिल पाता। इसके अलावा ओवरलोड रेत और मिट्टी के वाहनों से भी लोगों को काफी परेशानी हो रही है। यदि यही स्थिति बनी रही तो इससे कृषि उत्पादकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। प्रदेश सचिव स्वराज सिंह ने कहा कि धान की खरीद में मनमाने रेट किसानों के लिए बेहद हानिकारक हैं। हम सरकार से मांग करते हैं कि वह इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करें और निर्धारित समर्थन मूल्य पर खरीद सुनिश्चित करवाएं। युवा जिलाध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी ने कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे। मनमाने रेट पर खरीद रोकने के लिए कड़े निर्देश जारी करने, राइस मिलों के खिलाफ निगरानी व कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। इस मामले पर एसडीएम ने कहा कि किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लिया है। अधिकारी इस विषय पर जल्द ही राइस मिलरों से बैठक कर स्पष्ट निर्देश देंगे, ताकि धान खरीद में पारदर्शिता और किसान हित सुनिश्चित हो सके। पुरनपुर क्षेत्र के कई गांवों से किसानों में आक्रोश है। किसानों ने सात सूत्रीय एसडीएम को संबोधित ज्ञापन में 1 अक्टूबर से शुरू हो रही धान खरीद को बिचौलियों से दूर रखकर पारदर्शिता लाने, सभी सरकारी समितियां पर डीएपी खाद उपलब्ध कराने, सभी धर्म कांटों की बाट माफ निरीक्षक द्वारा जांच कराने, राइस मिलों द्वारा धान खरीद किए गए धान पर एक किलो प्रति कुंतल, दो प्रतिशत मुद्दत की अवैध कटौती रोकने सहित अन्य मांगे पूरी न होने पर धरना प्रदर्शन करने की बात कही है। इस मौके पर मनदीप सिंह, स्वराज सिंह, नागेंद्र सिंह, गुरदीप सिंह गोगी, सतपाल वर्मा, देवेंद्र सिंह हैरी, मनप्रीत सिंह, सर्बजीत सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।