हरदोई में सफाईकर्मी से मारपीट मामले में कार्रवाई, अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, नगर पालिका की अतिक्रमण कार्रवाई पर उठे सवाल

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के लोनार बस अड्डे के पास नगर पालिका के संविदा सफाईकर्मी से मारपीट और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल के आरोप के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित सफाईकर्मी राजन ने चार लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित के मुताबिक, बुधवार को वह लोनार बस अड्डे के पास कूड़ा उठा रहा था। इसी दौरान एक घर से चार लोग बाहर आए और कूड़े की ठेली खड़ी करने को लेकर उससे विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर उसने ठेली हटा ली, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए धमकी दी गई।
घटना के बाद सफाईकर्मियों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने हड़ताल शुरू कर दी। इसके बाद नगर पालिका की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची और संबंधित दुकान के कुछ हिस्से को कथित अवैध अतिक्रमण बताते हुए ध्वस्त कर दिया। नगर पालिका की इस कार्रवाई को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं।
लोगों के बीच चर्चा है कि शहर में जगह-जगह अतिक्रमण मौजूद है, लेकिन उन पर कार्रवाई को लेकर नगर पालिका की सक्रियता दिखाई नहीं देती। ऐसे में सफाईकर्मियों की हड़ताल के बाद इसी स्थान पर हुई कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।
कार्रवाई के दौरान सफाईकर्मियों ने नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर के पक्ष में नारेबाजी की। मामले ने अब मारपीट की शिकायत के साथ-साथ पालिका की कार्रवाई को लेकर भी राजनीतिक और प्रशासनिक चर्चा तेज कर दी है।