हरदोई में एसपी अशोक कुमार मीणा ने किया बड़ा फेरबदल, कई थानेदार व चौकी प्रभारी बदले, बेनीगंज कोतवाल निलंबित, बावन चौकी प्रभारी समेत दो उपनिरीक्षक लाइन हाजिर

हरदोई। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने जिले की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए कई निरीक्षकों व उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बड़ा फेरबदल किया है। तबादला सूची में थानेदारों के साथ-साथ चौकी प्रभारियों को भी इधर से उधर किया गया है। इसके अलावा बेनीगंज के प्रभारी निरीक्षक कौशलेंद्र कुमार सिंह को निलंबित किए जाने के बाद वहां नए प्रभारी निरीक्षक की तैनाती की गई है।
जारी आदेश के अनुसार पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक अतुल कुमार सिंह को थाना बेनीगंज का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक अनिल कुमार को थाना कछौना का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। कछौना के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह को थाना अरवल का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
इसी क्रम में बेनीगंज थाने की प्रतापनगर चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक कुमार को थाना हरियावां भेजा गया है। यह बदलाव उपनिरीक्षक रितेश चौहान के गैर जनपद स्थानांतरण पर कार्यमुक्त होने के बाद किया गया है। थाना संडीला में तैनात उपनिरीक्षक प्रभु नारायण पाल को पिहानी थाने की जहानीखेड़ा चौकी का प्रभारी बनाया गया है, जबकि जहानीखेड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कैलाश चंद्र यादव को पुलिस लाइन भेजा गया है।
थाना पचदेवरा के प्रभारी उपनिरीक्षक राकेश चौधरी को प्रतापनगर चौकी, जबकि कोतवाली शहर की राधानगर चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक रोहित कुमार पांडेय को थाना पचदेवरा भेजा गया है। बघौली चौराहा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राकेश कुमार को राधानगर चौकी, कोतवाली शहर की जिम्मेदारी मिली है।
कछौना में तैनात उपनिरीक्षक विशाल पुंडीर को बावन थाना लोनार की चौकी का प्रभारी बनाया गया है। वहीं बावन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक वरुण शुक्ला को पुलिस लाइन भेजा गया है। इसके अलावा उपनिरीक्षक अजय तोमर को बेनीगंज, अतुल गुप्ता को बघौली चौराहा और आशीष त्यागी को रूपापुर चौकी की जिम्मेदारी दी गई है।