हरदोई में वरिष्ठ पत्रकार पर ट्रक चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, 4 सितंबर को घर जाते वक्त हुआ था हादसा

हरदोई। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में वरिष्ठ पत्रकार एवं न्यूज़ वन इंडिया के जिला संवाददाता आशीष कुमार सिंह पर अज्ञात ट्रक चालक द्वारा ट्रक चढ़ाकर जान से मारने के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में पत्रकार ने उसी दिन पुलिस अधिकारियों को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की थी। अब पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्रकार आशीष कुमार सिंह के मुताबिक, शुक्रवार को करीब 3:50 बजे वह हरदोई से अपने घर सुरसा जा रहे थे। फर्दापुर क्रॉस करने के बाद कुतुवापुर और फर्दापुर के बीच पीछे से तेज रफ्तार में एक ट्रक आया। आरोप है कि ट्रक चालक ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मारने अथवा उसके ऊपर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया।
अचानक सामने आए खतरे से बचने के प्रयास में उनकी कार सड़क किनारे गड्ढे में चली गई। हालांकि, गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना के बाद पत्रकार ने तत्काल पुलिस अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।
पत्रकार की ओर से पुलिस को दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्र में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने तथा अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई थी। उनका कहना है कि घटना प्रथम दृष्टया गंभीर है और इसमें चालक की मंशा की जांच आवश्यक है।
पुलिस ने अब मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ट्रक और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना को लेकर पत्रकारों में भी रोष है। उन्होंने पुलिस से जल्द आरोपी की पहचान कर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।