हरदोई में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, नगर पालिका के लेखा लिपिक निलंबित, मंत्री नितिन अग्रवाल के आश्वासन पर काम पर लौटे कर्मचारी

हरदोई। नगर पालिका परिषद हरदोई के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में जगह-जगह गंदगी का अंबार लग गया। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय समेत तमाम अधिकारियों की ओर से कर्मचारियों को मनाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। आखिरकार आबकारी एवं मद्य निषेध मंत्री स्वतंत्र प्रभार नितिन अग्रवाल ने धरना स्थल पहुंचकर कर्मचारियों से मुलाकात की और उनकी मांगों के निस्तारण का आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी।
हड़ताल समाप्त होने के बीच नगर पालिका के लेखा लिपिक विद्या भूषण को निलंबित किए जाने का मामला भी चर्चा में है। बताया जा रहा है कि सफाई कर्मचारियों की मांगों और भुगतान से जुड़ी समस्या को लेकर यह विवाद लगातार बढ़ रहा था। हालांकि, कर्मचारियों की नाराजगी के पीछे आउटसोर्सिंग कंपनियों की भूमिका और उनकी कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान किया जाता तो शहर को कई दिनों तक गंदगी की समस्या से नहीं जूझना पड़ता। कुछ लोगों ने लेखा लिपिक के निलंबन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वह सरल स्वभाव के व्यक्ति हैं और बिना भेदभाव के लोगों का काम करते रहे हैं। हालांकि, निलंबन के पीछे के आधिकारिक कारणों की पुष्टि होना अभी बाकी है।
वहीं, चर्चा है कि पूरे प्रकरण में आउटसोर्सिंग कंपनियों पर भी कार्रवाई हो सकती है। फिलहाल मंत्री के आश्वासन के बाद हड़ताल समाप्त होने से नगर की सफाई व्यवस्था पटरी पर लौटने की उम्मीद है।