31 साल पुराने मामले में काली सरकार गिरफ्तार, हरदोई कोर्ट से जारी था स्थायी वारंट, झांसी में आर्मी की ड्रेस पहन लगाता था दिव्या दरबार

हरदोई। झांसी में दिव्य दरबार लगाने वाले काली सरकार उर्फ प्रदीप शुक्ला को हरदोई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट जारी था। पुलिस को वर्ष 1993 और 1998 में दर्ज तीन मुकदमों में उसकी तलाश थी। कोतवाली शहर पुलिस ने तीन नवंबर को उसे गिरफ्तार किया। फिलहाल मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रदीप शुक्ला उर्फ रेडरोज उर्फ काली पंडित पुत्र माया राम निवासी चौहान थोक, कोतवाली शहर, हरदोई के रूप में हुई है। उसके खिलाफ कोतवाली शहर में वर्ष 1993 में दो मुकदमे दर्ज किए गए थे। इनमें एक मामला आयुध अधिनियम की धारा 25 और दूसरा भारतीय दंड संहिता की धारा 394, 397 और 411 के तहत दर्ज था। इसके अलावा वर्ष 1998 में धारा 324 के तहत भी मुकदमा दर्ज हुआ था। इन मामलों में न्यायालय ने स्थायी वारंट जारी किया था।
बताया जाता है कि काली सरकार को हरदोई पुलिस ने 10 अक्टूबर को भी उसके आश्रम से पकड़ा था, लेकिन उस समय पुराने मुकदमों से संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे छोड़ दिया गया था। रिकॉर्ड दुरुस्त होने और न्यायालय का स्थायी वारंट सामने आने के बाद पुलिस ने दोबारा कार्रवाई की।
पुलिस रिकॉर्ड में प्रदीप शुक्ला हिस्ट्रीशीटर के रूप में दर्ज है। उसके नाम के साथ नटरोज और काली पंडित नाम भी दर्ज हैं। झांसी में वह सत्यानंद शुक्ला उर्फ काली पंडित के नाम से चर्चित था।
क्षेत्राधिकारी नगर अजीत चौहान ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि न्यायालय से जारी स्थायी वारंट के आधार पर कार्रवाई की गई है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।