हरदोई में विवेचना में लापरवाही पर दरोगा निलंबित, विभागीय जांच के आदेश, एसपी ने सभी को कार्यों में शिथिलता न बरतने के दिए निर्देश

हरदोई। मल्लावां थाना क्षेत्र में चोरी की घटना की विवेचना में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने उपनिरीक्षक आकाश शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कराई गई है।
पुलिस विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक आकाश शर्मा थाना मल्लावां में तैनात थे। थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना की विवेचना के दौरान गिरफ्तारी के लिए शेष अभियुक्तों के खिलाफ गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) प्राप्त करने की कार्रवाई नहीं की गई थी। इसे विवेचनात्मक कार्यवाही में लापरवाही मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों के प्रति गंभीर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि विवेचना और अन्य पुलिस कार्यों में किसी भी प्रकार की उदासीनता या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि सभी पुलिसकर्मी अपने कार्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और समयबद्ध तरीके से करें। कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई को विवेचनात्मक कार्यों में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के लिए सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।