हरदोई में संपत्ति में हिस्सा न मिलने से नाराज युवक हाईटेंशन टावर पर चढ़ा, पुलिस ने सकुशल उतारा, 6 माह पहले किया था प्रेम विवाह

हरदोई। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के सुरजीपुर गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने हाईटेंशन विद्युत लाइन के टावर पर चढ़कर आत्महत्या की कोशिश की। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना से परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस टीम ने समझाकर युवक को सकुशल नीचे उतार लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सुरजीपुर निवासी अतुल शर्मा (25) पुत्र श्याम कुमार बुधवार को नशे की हालत में गांव से करीब 500 मीटर दूर निकली हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देखकर परिजन परेशान हो गए। उसके भाई सुधीर ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे डायल-112 के कांस्टेबल अरविंद कुमार और प्रवीण कुमार ने युवक से बातचीत कर उसे समझाया और काफी प्रयास के बाद नीचे उतार लिया। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पूछताछ में अतुल ने बताया कि करीब छह माह पहले उसने प्रेम विवाह किया था। परिवार में चार भाई, मां और दादी हैं। उसके मुताबिक परिवार के पास करीब 25 बीघा पैतृक जमीन है, जिसका उपयोग दादी और उसके भाई करते हैं। इसके अलावा मकान और पुराना जेवर भी है। अतुल का आरोप है कि उसे पैतृक संपत्ति में हिस्सा नहीं दिया जा रहा था। इसी बात से नाराज होकर उसने गुस्से में यह कदम उठाया।
पुलिस की तत्परता से युवक को समय रहते सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। थाना प्रभारी मार्कंडेय सिंह ने बताया कि युवक पारिवारिक विवाद के चलते टावर पर चढ़ा था। उसे सकुशल उतार लिया गया है। पुलिस ने दोनों भाइयों का धारा 151 के तहत चालान किया है।