हरदोई में पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के लगे नारे, डेढ़ लाख की कथित लोन ठगी को लेकर बिलग्राम तहसील में प्रदर्शन, कार्रवाई के आश्वासन पर खत्म हुआ धरना

हरदोई। बिलग्राम तहसील परिसर में हिन्दू सुरक्षा सेवा संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डेढ़ लाख रुपये की कथित लोन ठगी के मामले में एफआईआर दर्ज न किए जाने और पुलिस की कथित लापरवाही के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
संगठन की ओर से बताया गया कि हिन्दू सुरक्षा सेवा संघ के जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र राठौर, निवासी ग्राम हीरापुर, थाना बिलग्राम ने अमितेंद्र सिंह, निवासी कोतवाली शहर, हरदोई के विरुद्ध लोन स्वीकृत कराने के नाम पर ₹1.50 लाख की कथित ठगी किए जाने की शिकायत करते हुए 15 अगस्त 2026 को थाना बिलग्राम में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर की रिसीविंग मिलने के बावजूद एफआईआर दर्ज न होने का आरोप लगाते हुए संगठन ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। संगठन ने मांग की कि मामले की तत्काल निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाए। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही पुलिस स्तर पर लापरवाही की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और पीड़ित को कार्रवाई की स्थिति से अवगत कराने की मांग की गई।
धरना समाप्त कराने के दौरान एसडीएम बिलग्राम एन. राम ने मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया। संगठन के जिला अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी अधिकारी या कर्मचारी का व्यक्तिगत विरोध करना नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच और पीड़ित को न्याय दिलाना है।