हरदोई में पुलिस को देखते ही शटर गिराकर भागा दुकानदार, ताला तोड़कर दुकान से निकाली गई महिला, ASP बोले- युवती ने बताया कोई अपराध नहीं हुआ, वह सूट खरीदने आई थी

हरदोई। शाहाबाद कस्बे के मुख्य बाजार में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कपड़े की दुकान के अंदर महिला के बंद होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखते ही दुकानदार दुकान का शटर गिराकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने दुकान का ताला तुड़वाकर अंदर बंद महिला को सकुशल बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलते ही बाजार में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, शाहाबाद के मुख्य बाजार में डॉ. खरबंदा की क्लीनिक के पास लक्ष्मी दत्त ऋषि कुमार नाम से कपड़े की दुकान संचालित है। गुरुवार दोपहर किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि दुकान के अंदर एक महिला बंद है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस टीम को दुकान की ओर आता देख दुकानदार ने आनन-फानन में शटर गिरा दिया और मौके से भाग निकला। दुकानदार के इस तरह फरार होने से वहां मौजूद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ ही देर में आसपास के दुकानदारों और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने दुकान का ताला तुड़वाकर अंदर बंद महिला को बाहर निकाला। इसके बाद महिला को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उससे पूछताछ शुरू की गई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला दुकान के अंदर कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में उसे वहां बंद किया गया था।
फिलहाल पूरे मामले में एएसपी पश्चिमी अखिलेश सिंह ने बताया कि युवती ने दुकानदार पर कोई आरोप नहीं लगाया है। उसका कहना है दुकानदार ने उसके साथ अशोभनीय कार्य अपराध नहीं किया है और वह किसी के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं चाहती हैं।