हरदोई में भाजपा ओबीसी मोर्चा ने चलाया मतदाता जोड़ो अभियान, पात्र लोगों के नाम जुड़वाने का लिया संकल्प, मुख्य अतिथि ने कहा लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत करने के लिए सभी की भागीदारी जरूरी

हरदोई। भाजपा जिला कार्यालय पर मतदाता जोड़ो अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा ओबीसी मोर्चा अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी विनोद कुमार वर्मा का पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष दिनेश पाल ने की।
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विनोद कुमार वर्मा ने मतदाता जोड़ो अभियान के महत्व पर जोर देते हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि अभियान के माध्यम से लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही यह प्रयास किया जाएगा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
वक्ताओं ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रेरित करना सभी की जिम्मेदारी है।
इस मौके पर भाजपा ओबीसी मोर्चा हरदोई के जिला महामंत्री अरविंद कुमार यादव, रजनीश गुप्ता, पवन कश्यप, जिला मीडिया संयोजक दीपकमल राठौर, सह संयोजक दिनेश शर्मा सहित जिला कार्यकारिणी के सदस्य और सभी जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।