हरदोई में तालाब में डूबने से 15 माह की बच्ची की मौत, परिजनों ने युवक पर लगाया हत्या का आरोप, उसी ने तालाब से बाहर निकाला था

हरदोई। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के रामापुर रहोलिया गांव में तालाब में डूबने से 15 माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची को तालाब से बाहर निकालकर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने गांव के एक युवक पर बच्ची की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे बेहटा गोकुल थाने पर सूचना मिली कि रामापुर रहोलिया गांव में एक बच्ची अपने घर के पास स्थित तालाब में डूब गई है। तालाब की रखवाली करने वाले गांव के पुनीत पुत्र गंधर्भ रैदास (22) ने बच्ची को तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल हरदोई लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के अगले दिन 26 नवंबर को बच्ची के परिजनों ने पुनीत पर हत्या का आरोप लगाया। आरोप की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बच्ची की मौत का स्पष्ट कारण जानने के लिए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अखिलेश सिंह ने बताया कि बच्ची की मौत के मामले में परिजनों ने एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।