हरदोई में दो गुटों के बवाल पर पुलिस सख्त, 12 नामजद और 12 अज्ञात समेत 24 के खिलाफ FIR, चार हिरासत में

हरदोई। लोनार कोतवाली क्षेत्र के कस्बा बावन में सोमवार देर रात दो गुटों के बीच हुए विवाद और बवाल के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। आपसी विरोध के चलते दोनों पक्षों के लोगों ने कई स्थानों पर हंगामा किया। सूचना मिलते ही लोनार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मामले में दोनों गुटों के 12 लोगों को नामजद करते हुए 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
बावन चौकी प्रभारी विशाल पुंडीर ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की तत्परता के चलते विवाद को आगे बढ़ने से रोका गया। कस्बे में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से आपसी विरोध चला आ रहा था। सोमवार देर रात किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद कस्बे के कई स्थानों पर हंगामे की स्थिति बन गई।
लोनार थानाध्यक्ष सुनील कुमार मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र में अराजकता और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल कस्बे में पुलिस बल तैनात है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।