जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारी तेज, हरदोई में फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, 40 प्रश्नों को घर-घर जाकर मोबाइल ऐप के माध्यम से भरेंगे प्रगणक

हरदोई। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी दीपाली भार्गव के मार्गदर्शन में सोमवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, हरदोई में नामित फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम एवं द्वितीय बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी दीपाली भार्गव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने फील्ड ट्रेनर्स को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण को एक विद्यार्थी की तरह गंभीरता से लें और जनगणना कार्य की सभी बारीकियों को अच्छी तरह समझें। उन्होंने प्रश्नावली को भरने का पर्याप्त अभ्यास करने तथा प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक शंका और प्रश्न का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ से नामित जिला प्रभारी विनय कुमार वर्मा भी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले फील्ड ट्रेनर्स आगे चार्ज स्तर यानी तहसील एवं नगर निकाय स्तर पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। द्वितीय चरण में प्रगणक एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर आवंटित गणना ब्लॉक के प्रत्येक परिवार और उसके प्रत्येक सदस्य से संबंधित 40 प्रश्नों की प्रश्नावली मोबाइल ऐप के माध्यम से भरेंगे।
चार जनवरी की शाम के बाद रात्रि में बेघरों की गणना की जाएगी, जबकि पांच से नौ जनवरी 2027 तक रिवीजनल राउंड चलेगा। प्रथम चरण की तरह दूसरे चरण में भी नागरिक वेब पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की स्वगणना कर सकेंगे। स्वगणना की सुविधा 16 से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी।