हरदोई पुलिस ने लौटाई 279 लोगों की मुस्कान, 50 लाख के मोबाइल बरामद कर मालिकों को सौंपे, मोबाइल पाकर स्वामियों ने पुलिस को बोला थैंक्यू

हरदोई। जिले में मोबाइल फोन खोने से मायूस हुए 279 लोगों के चेहरे शनिवार को उस समय खिल उठे, जब पुलिस ने उनके गुम हुए कीमती मोबाइल फोन वापस सौंपे। पुलिस की सर्विलांस सेल टीम ने भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल की मदद से करीब 50 लाख रुपये कीमत के 279 स्मार्टफोन बरामद करने में सफलता हासिल की। पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे।
जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोबाइल फोन गुम होने की शिकायतें पुलिस को लगातार मिल रही थी। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में सर्विलांस सेल की टीम को मोबाइल फोन बरामद करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। टीम ने आधुनिक तकनीक और भारत सरकार के सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल की सहायता से गुम हुए मोबाइल फोन की लगातार निगरानी और ट्रैकिंग की। काफी प्रयासों के बाद अलग-अलग कंपनियों के कुल 279 एंड्रॉयड और स्मार्टफोन बरामद किए गए। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
शनिवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने सभी बरामद मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। कई लोगों ने बताया कि उन्हें अपना फोन वापस मिलने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी।
मोबाइल स्वामियों ने हरदोई पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक, सर्विलांस सेल टीम और पुलिस विभाग का आभार जताया।