स्कूल के लिए निकला 16 वर्षीय छात्र लापता, जीआरपी ने तलाशकर परिजनों से मिलाया

कासगंज। सोरों से ट्रेन में सवार होकर कासगंज स्थित स्कूल जाने के लिए निकला 16 वर्षीय छात्र रास्ते में लापता हो गया। परिजनों की सूचना पर जीआरपी ने तत्परता दिखाते हुए उसे कासगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर तलाश लिया और आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

सोरों थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्र कासगंज के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11 में पढ़ता है। सोमवार को वह घर से स्कूल जाने के लिए ट्रेन से निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। छात्र के पास मोबाइल फोन भी नहीं था, जिससे उससे संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसके बाद उसके ममेरे भाई अजय कुमार निवासी नगला बेरिया, कासगंज ने मंगलवार को जीआरपी थाने पहुंचकर सूचना दी।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल ने थाना क्षेत्र के सभी 14 रेलवे स्टेशनों पर तैनात जीआरपी कर्मियों को छात्र की तलाश में लगाया। काफी प्रयास के बाद कासगंज जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों ने छात्र को ढूंढ निकाला। पहचान और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

छात्र के सकुशल मिलने पर परिजनों ने जीआरपी पुलिस की त्वरित मदद की सराहना की। छात्र को तलाशने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार और हेड कांस्टेबल राजीव शामिल रहे।