ट्रेन में शराब पीकर हंगामा कर रहे दो यात्री गिरफ्तार, जीआरपी ने की कार्रवाई

कासगंज। रेलवे स्टेशन पर शराब पीकर बरेली पैसेंजर ट्रेन में हंगामा करने और यात्रियों को असुविधा पहुंचाने के आरोप में जीआरपी ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126, 135 और 170 के तहत कार्रवाई की गई।

जीआरपी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 12:55 बजे रेलवे स्टेशन कासगंज के प्लेटफार्म संख्या दो-तीन पर खड़ी बरेली पैसेंजर ट्रेन में दो व्यक्ति शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बबलू शर्मा (40) निवासी रजूपरसपुर, थाना बिथरी चैनपुर, बरेली और गोलू (28) निवासी क्यामपुर छोने, थाना नुनहारा, गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक दोनों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, उपनिरीक्षक विपिन कुमार, हेड कांस्टेबल रामवीरेश और कांस्टेबल सौरभ कुमार शामिल रहे।