वैष्णो देवी भवन पर श्रद्धालुओं को बड़ी राहत, नवरात्र में लिफ्ट और रैंप की सुविधा शुरू

कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को और अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने बड़ी पहल की है। शारदीय नवरात्र से भवन परिसर में आधुनिक लिफ्ट और स्टील रैंप की सुविधाएं श्रद्धालुओं को मिलने लगेंगी। इससे खासतौर पर बुजुर्ग, दिव्यांग और बीमार श्रद्धालुओं को कठिन चढ़ाई व सीढ़ियों से राहत मिलेगी।

भवन परिसर में नवनिर्मित न्यू वैष्णवी भवन और गौरी भवन क्षेत्र तक आसान पहुंच के लिए पार्वती भवन के समीप करीब 30 मीटर ऊंची आधुनिक लिफ्ट तैयार की गई है। इसके माध्यम से श्रद्धालु कम समय में संबंधित क्षेत्रों तक पहुंच सकेंगे। वहीं, न्यू वैष्णवी भवन की छत पर बनाए जा रहे आधुनिक भोजनालय तक पहुंचने के लिए भी अलग लिफ्ट तैयार की गई है।

दोनों लिफ्टों में एक साथ करीब 25 से 28 श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधा होगी। इसके अलावा भवन परिसर में पुलिस स्टेशन के समीप भी नई लिफ्ट तैयार की गई है, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही और अधिक आसान होगी।

वहीं, कालिका भवन क्षेत्र से एसडीएम भवन कार्यालय और रिसेप्शन क्षेत्र तक पहुंचने के लिए करीब 30 मीटर लंबा स्टील रैंप भी तैयार किया गया है। इस रैंप से श्रद्धालु सीढ़ियों वाले रास्ते से बचते हुए आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

शारदीय नवरात्र के दौरान इन आधुनिक सुविधाओं को श्रद्धालुओं के लिए समर्पित करने की तैयारी है। श्राइन बोर्ड की इस पहल से माता वैष्णो देवी भवन पर श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और सुगम होने की उम्मीद है।