जम्मू मंडल में टिकट जांच अभियान तेज, सितंबर में 6617 बिना टिकट यात्री पकड़े

जम्मू। जम्मू मंडल में रेलवे ने सितंबर माह के दौरान टिकट जांच अभियान को प्रभावी ढंग से चलाते हुए बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई की। मंडल में विभिन्न ट्रेनों और स्टेशनों पर चलाए गए जांच अभियानों के दौरान 6617 यात्रियों को बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करते हुए पकड़ा गया। इन यात्रियों से रेलवे ने करीब 48 लाख 88 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त किया।

इसके अलावा रेलवे परिसर और ट्रेनों में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों से 22 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। रेलवे की इस कार्रवाई का उद्देश्य यात्रियों को नियमों का पालन करने के साथ-साथ स्वच्छ रेल परिसर बनाए रखने के लिए जागरूक करना है।

जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने टिकट जांच से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान पूरी ईमानदारी, जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उनके निर्देशों के बाद मंडल में टिकट जांच अभियान को लगातार प्रभावी बनाया जा रहा है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नियमित टिकट जांच से बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाने के साथ रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि होती है। जम्मू मंडल द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ यात्रा करें और रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।