कटरा-बनिहाल रेलखंड पर ऐतिहासिक उपलब्धि, 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चिनाब और अंजी पुल पार कर गई वंदे भारत

कटरा। जम्मू-कश्मीर के रेल संपर्क के क्षेत्र में शुक्रवार को एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई। श्री माता वैष्णो देवी कटरा से बनिहाल के बीच 111 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर ट्रेनों की अधिकतम अनुमेय गति को 75 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटे कर दिया गया है। बढ़ी हुई गति का सफल परीक्षण भी शुक्रवार को किया गया।

गति बढ़ाए जाने के परीक्षण के दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस ने 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल चिनाब पुल और भारत के पहले केबल-स्टेड रेलवे पुल अंजी पुल को पार किया। ट्रेन संख्या 26401/26404 ने दोनों महत्वपूर्ण पुलों को निर्धारित नई अधिकतम गति से पार कर एक नई उपलब्धि दर्ज की।

रेलखंड पर गति बढ़ने से उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल संपर्क परियोजना के अंतर्गत रेल परिचालन पहले की तुलना में और अधिक सुचारु होने की उम्मीद है। इससे ट्रेनों की यात्रा का समय कम होगा और यात्रियों को जम्मू-कश्मीर के इस महत्वपूर्ण रेल मार्ग पर तेज, सुरक्षित और अधिक आरामदायक यात्रा सुविधा मिल सकेगी।

श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बनिहाल रेलखंड पर 75 से बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति किया जाना जम्मू-कश्मीर में रेलवे के आधुनिक और मजबूत बुनियादी ढांचे की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खास तौर पर चिनाब पुल और अंजी पुल जैसे देश के महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग ढांचों पर वंदे भारत एक्सप्रेस का 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सफल संचालन रेलवे के लिए बड़ी उपलब्धि है।

इस उपलब्धि से जम्मू-कश्मीर में रेल यात्रा को और गति मिलने के साथ ही यात्रियों को बेहतर समयबद्धता और सुगम रेल सेवा का लाभ मिलने की उम्मीद है। कटरा-बनिहाल रेलखंड पर बढ़ी हुई गति आने वाले समय में इस पूरे रेल मार्ग की परिचालन क्षमता को और मजबूत करेगी।