छठ पर्व पर रेलवे की सौगात, अहमदाबाद से राजगीर के बीच चलेगी एक और सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन

छठ पर्व पर रेलवे की सौगात, अहमदाबाद से राजगीर के बीच चलेगी एक और सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन

गोविंदपुरी, टूंडला, आगरा और पटना समेत 24 स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव, पूरी ट्रेन रहेगी अनारक्षित

छठ पूजा पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे द्वारा अहमदाबाद और राजगीर के बीच एक और अनारक्षित सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। विशेष किराये पर चलने वाली यह ट्रेन दो फेरों में संचालित होगी। इससे गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

ट्रेन संख्या 09447 अहमदाबाद-राजगीर स्पेशल 12 नवंबर 2026 को रात 11:55 बजे अहमदाबाद से रवाना होगी और शनिवार को सुबह 11:45 बजे राजगीर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09448 राजगीर-अहमदाबाद स्पेशल 14 नवंबर को दोपहर 2:45 बजे राजगीर से रवाना होकर अगले दिन रात 11:25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।

यूपी के कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में आणंद, छायापुरी, गोधरा, दाहोद, रतलाम, भवानी मंडी, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, हिण्डौन सिटी, बयाना, ईदगाह आगरा, टूंडला, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, पटना साहिब, बख्तियारपुर, बिहार शरीफ और नालंदा स्टेशनों पर रुकेगी।

रेलवे के अनुसार यह ट्रेन पूरी तरह अनारक्षित रहेगी। यात्रियों को छठ पर्व के दौरान घर पहुंचने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।