यात्रियों को मिलेगा स्वच्छ और शुद्ध पेयजल, जम्मू मंडल में विशेष स्वच्छता अभियान तेज

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों, पंप हाउसों और कोचिंग डिपो में स्थित जल टैंकों की सफाई कराई जा रही है।

पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए स्टेशनों पर नियमित रूप से जल के नमूनों की जांच भी की जा रही है। जम्मू मंडल के गठन वर्ष 2025 से यह प्रक्रिया लगातार जारी है। अभियान के दौरान अब तक 527 अवशिष्ट क्लोरीनीकरण परीक्षण, 46 जैविक परीक्षण तथा 46 एक्वा वायल एवं रासायनिक परीक्षण किए जा चुके हैं। सभी परीक्षणों में पानी के नमूने संतोषजनक पाए गए हैं।

अभियान के तहत ओवरहेड और भूमिगत जल टैंकों को उचित तरीके से ढकने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। खुले जल स्रोतों को लोहे की जाली और नेटिंग से ढकने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि बाहरी गंदगी और दूषित पदार्थ पेयजल तक न पहुंच सकें।

जम्मू मंडल की ओर से जल स्रोतों की स्वच्छता, नियमित गुणवत्ता जांच और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इससे यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा रहा है।