त्योहारी भीड़ से राहत के लिए मध्य रेल चलाएगा 6 विशेष ट्रेन सेवाएं, मुंबई से छपरा और पुणे से जयपुर के बीच मिलेगी सुविधा

त्योहारी भीड़ से राहत के लिए मध्य रेल चलाएगा 6 विशेष ट्रेन सेवाएं, मुंबई से छपरा और पुणे से जयपुर के बीच मिलेगी सुविधा

छठ पर्व पर यात्रियों के लिए 6 विशेष ट्रेन सेवाएं

मुंबई। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए मध्य रेल ने यात्रियों को राहत देने के लिए 6 त्योहारी विशेष ट्रेन सेवाएं चलाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों का संचालन लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई)-छपरा और खड़की-खातीपुरा के बीच किया जाएगा। रेलवे की इस पहल से उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी।

मध्य रेल के अनुसार, लोकमान्य तिलक टर्मिनस से छपरा के बीच 4 सेवाएं संचालित की जाएंगी। ट्रेन संख्या 05084 लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 18 और 23 नवंबर को दोपहर 3 बजे रवाना होकर तीसरे दिन सुबह 5:45 बजे छपरा पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 05083 छपरा से 16 और 21 नवंबर को रात 8 बजे रवाना होकर तीसरे दिन दोपहर 12 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।

यह ट्रेन कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, रानी कमलापति, झांसी, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, गोमती नगर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इसके अलावा कप्तानगंज, पडरौना, तमकुही रोड, थावे, गोपालगंज और मशरख होते हुए छपरा पहुंचेगी।

वहीं खड़की और खातीपुरा के बीच 2 विशेष ट्रेन सेवाएं चलाई जाएंगी। ट्रेन संख्या 09730 खड़की से 16 नवंबर को सुबह 8:45 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:30 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09729 खातीपुरा से 15 नवंबर को सुबह 6 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7 बजे खड़की पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव लोनावला, पनवेल, वसई रोड, सूरत, वडोदरा, रतलाम, मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर, किशनगढ़ और जयपुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर होगा।

रेलवे ने बताया कि ट्रेन संख्या 05084 और 09730 के लिए आरक्षण 14 नवंबर 2026 से सभी कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों और रेलवे की वेबसाइट के माध्यम से शुरू होगा। अनारक्षित डिब्बों के टिकट यूटीएस प्रणाली से भी बुक किए जा सकेंगे।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील नीला ने यात्रियों से इन विशेष ट्रेन सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।