बाथरूम में धुल रहे थे मिठाई के बर्तन! न्यू दिल्ली स्वीट्स का वीडियो वायरल, खाद्य सुरक्षा पर उठे सवाल…

CITIUPDATE NEWS/संतोष सारथी/कोरबा शहर के निहारिका क्षेत्र स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद होटल की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। वीडियो में मिठाई और पकवान तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों को बाथरूम में धोते हुए देखा जा रहा है। न्यू दिल्ली स्वीट्स पहुंचे एक ग्राहक ने बर्तनों की सफाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। जिस स्थान का उपयोग आम लोगों द्वारा बाथरूम के रूप में किया जाता है, वहीं बर्तनों की सफाई किए जाने का दृश्य वीडियो में दिखाई दे रहा है। मामले को लेकर होटल कर्मचारियों से सवाल किए जाने पर उनका कहना था कि इमरजेंसी की स्थिति में बर्तन वहां धुलवाए जा रहे थे। हालांकि, इस घटना के बाद खाद्य सामग्री तैयार करने और बर्तनों की सफाई में स्वच्छता मानकों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। होटल प्रबंधन के मैनेजर मुकेश स्वर्णकार से पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले में नोटिस जारी कर जवाब मांगने की बात कही है। अधिकारी के अनुसार जवाब नहीं मिलने अथवा संतोषजनक जवाब नहीं पाए जाने की स्थिति में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।