बेटे पर शराब पीकर वाहन चलाने की कार्रवाई का मां ने किया विरोध, हंगामा करते महिला थाना प्रभारी से मारपीट का आरोप..जेल दाखिल 

CITIUPDATE NEWS/संतोष सारथी/बालकोनगर थाना परिसर में बेटे के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने की कार्रवाई के दौरान विवाद और पुलिस से झूमाझटकी का मामला सामने आया है। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, बेटे पर कार्रवाई से नाराज उसकी मां ने थाने में हंगामा किया और महिला थाना प्रभारी के साथ गाली-गलौज करते हुए उनका हाथ मरोड़ दिया। घटना में थाना प्रभारी के दाहिने हाथ के अंगूठे और कलाई में चोट लगने की बात कही गई है। मामले में आरोपी महिला रानी यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

शराब के नशे में वाहन चलाने पर हो रही थी कार्रवाई

घटना 9 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे की है। परसाभाठा बाजार चौक के पास अजय यादव अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान गीता महंत की चुनरी मोटरसाइकिल से छू गई। गीता महंत ने उसे वाहन देखकर चलाने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद होने का आरोप है।

इसके बाद गीता महंत अन्य महिलाओं के साथ शिकायत लेकर बालकोनगर थाने पहुंचीं। पुलिस के अनुसार, अजय यादव भी उनके पीछे- पीछे मोटरसाइकिल से थाने पहुंच गया। पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर से अजय यादव की जांच की, जिसमें उसके शरीर में 169 मिलीग्राम प्रति 100 मिलीलीटर रक्त के बराबर अल्कोहल स्तर दर्ज होने की बात सामने आई। इसके बाद उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की जा रही थी।

बेटे पर कार्रवाई के दौरान मां ने किया हंगामा

पुलिस के अनुसार, इसी दौरान अजय यादव की मां रानी यादवथाने पहुंचीं। उन्होंने बेटे के खिलाफ कार्रवाई का विरोध किया और उसे अपने साथ ले जाने लगीं। पुलिसकर्मियों ने उन्हें कार्रवाई की औपचारिकताएं पूरी होने तक इंतजार करने के लिए कहा।

आरोप है कि इस बात पर रानी यादव जोर-जोर से चिल्लाने लगीं और थाने में हंगामा करने लगीं। समझाने के दौरान उन्होंने महिला थाना प्रभारी ईश्वरी राज के साथ गाली-गलौज की और उनका दाहिना हाथ पकड़कर मरोड़ दिया। इससे उनके अंगूठे और कलाई में चोट आई।

शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप

हंगामे के कारण थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों के कामकाज में व्यवधान हुआ। घटना के दौरान शिकायत लेकर पहुंची महिलाएं भी थाने से लौट गईं।

महिला थाना प्रभारी की रिपोर्ट पर रानी यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 600/2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 132, 121 और 221 के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया हैँ।