प्रयागराज मंडल में हरियाली बढ़ाने को बड़े पैमाने पर पौधारोपण

प्रयागराज। पर्यावरण संरक्षण और हरित रेलवे को बढ़ावा देने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में मई से सितंबर 2026 तक कुल 39 लाख 10 हजार 78 पौधे लगाए जा चुके हैं।

सितंबर माह में ही 16 लाख 85 हजार 943 पौधों का रोपण किया गया। प्रयागराज मंडल ने वर्ष 2026 में एक करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अब तक लक्ष्य का बड़ा हिस्सा पूरा हो चुका है और 60 लाख 89 हजार 922 पौधे लगाए जाना शेष हैं।

माहवार आंकड़ों के अनुसार मई में 1 लाख 57 हजार 563, जून में 69 हजार 387, जुलाई में 5 लाख 89 हजार 286, अगस्त में 14 लाख 7 हजार 299 और सितंबर में 16 लाख 85 हजार 943 पौधे लगाए गए।

रेलवे भूमि, रेल पटरियों के किनारे और रेलवे परिसरों में खाली एवं उपयुक्त स्थानों को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। अब तक करीब 425 हेक्टेयर रेलवे भूमि पर पौधारोपण किया जा चुका है। प्रयागराज क्षेत्र में 7 लाख 91 हजार 241 पौधे लगाकर करीब 85 हेक्टेयर क्षेत्र को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया गया है। वहीं कानपुर क्षेत्र में 5 लाख 20 हजार 614 और टूंडला क्षेत्र में 7 लाख 59 हजार 500 पौधे लगाए गए हैं।

रेलवे द्वारा पौधारोपण के साथ पौधों की देखभाल और संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संबंधित स्थलों का नियमित निरीक्षण कर पौधों की स्थिति की निगरानी की जा रही है। उत्तर मध्य रेलवे ने चालू वित्त वर्ष में दो करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है, जिसमें प्रयागराज मंडल एक करोड़ पौधों के लक्ष्य के साथ महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।