इज्जतनगर मंडल में पेयजल की गुणवत्ता जांच का सघन अभियान जारी

बरेली। रेल यात्रियों और कर्मचारियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में पेयजल की नियमित और सघन जांच की जा रही है। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में स्टेशनों, कार्यालयों और रेलवे आवासीय कॉलोनियों में पेयजल की शुद्धता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों और आवासीय परिसरों में लगी पेयजल टंकियों, वाटर कूलर, नलों, फिल्टर, जल वितरण केंद्रों और पाइप लाइनों की नियमित जांच एवं रखरखाव किया जा रहा है। स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा पानी में अवशिष्ट क्लोरीन, जीवाणु संवर्धन तथा आवश्यकता के अनुसार रासायनिक परीक्षण कराए जा रहे हैं। इसके लिए विभिन्न जल स्रोतों से नियमित रूप से नमूने लेकर उनकी जांच की जा रही है।

काठगोदाम, हल्द्वानी, इज्जतनगर, रुद्रपुर, फर्रुखाबाद, कासगंज, बरेली सिटी, लालकुआं, काशीपुर, पीलीभीत, मथुरा कैंट और फतेहगढ़ सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों तथा आवासीय कॉलोनियों में अवशिष्ट क्लोरीन की नियमित जांच की जा रही है। साथ ही पानी की जीवाणु गुणवत्ता की पुष्टि के लिए भी नमूने लेकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षण कराया जा रहा है।

रेल प्रशासन ने पेयजल की गुणवत्ता से जुड़े निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। जल भंडारण टंकियों और वितरण प्रणालियों की नियमित सफाई, रखरखाव एवं परीक्षण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

रेल प्रशासन का कहना है कि यात्रियों और रेलकर्मियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए यह निगरानी और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।