प्रयागराज जंक्शन पर स्वच्छता शपथ एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

प्रयागराज। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को प्रयागराज जंक्शन पर स्वच्छता शपथ एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष स्वच्छता अभियान राष्ट्रीय थीम स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत के तहत चलाया जा रहा है। कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज रजनीश अग्रवाल ने किया।

कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं रेलकर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी और निरंतर अपनाए जाने वाला व्यवहार है। रेलवे परिसरों, स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है।

इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छ एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण भारत स्काउट एवं गाइड टीम द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। टीम ने नाटक के माध्यम से स्वच्छता, कचरे के उचित निस्तारण, सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने और आमजन की सहभागिता का प्रभावी संदेश दिया। नुक्कड़ नाटक के जरिए यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों और यात्रियों ने अभियान में भाग लेकर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इसी क्रम में प्रयागराज मंडल के अन्य सभी स्टेशनों पर भी स्वच्छता शपथ, जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक और हस्ताक्षर अभियान सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों, रेलकर्मियों एवं आमजन को स्वच्छता को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक सामान्य दीपक कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक इन्फ्रा धनंजय कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल पर्यावरण एवं रखरखाव प्रबंधक विक्रम सिंह कोली सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, रेलकर्मी एवं संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।

रेल प्रशासन द्वारा स्वच्छता ही सेवा एवं स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान स्टेशनों, रेल परिसरों और अन्य स्थानों पर विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन अभियानों के माध्यम से ?स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत? के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छता को जनभागीदारी से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।