प्रयागराज मंडल में टिकट जांच अभियान, 69,640 यात्रियों पर कार्रवाई; 6.35 करोड़ रुपये से अधिक जुर्माना वसूला

प्रयागराज। यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा कराने और रेलवे नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रयागराज मंडल में सितंबर माह के दौरान सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन के निर्देशन में चले अभियान में बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट, बिना बुक सामान, धूम्रपान और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

1 से 30 सितंबर 2026 तक चले इस अभियान में कुल 69,640 यात्रियों को प्रभारित किया गया। इनसे रेलवे ने 6 करोड़ 35 लाख 57 हजार 235 रुपये का जुर्माना वसूला।

अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले 26,900 यात्रियों से 3 करोड़ 4 लाख 88 हजार 742 रुपये, जबकि अनियमित टिकट के 38,871 मामलों में 3 करोड़ 1 लाख 61 हजार 791 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसी तरह बिना बुक सामान के 33 मामलों में 26,741 रुपये तथा धूम्रपान और गंदगी फैलाने के 3,836 मामलों में 28 लाख 79 हजार 961 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

स्टेशनवार कार्रवाई में प्रयागराज स्टेशन सबसे आगे रहा। यहां कुल 22,286 मामलों में 2 करोड़ 5 लाख 66 हजार 748 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके बाद कानपुर स्टेशन पर 14,191 मामलों में 1 करोड़ 34 लाख 72 हजार 199 रुपये और प्रयागराज छिवकी में 7,789 मामलों में 72 लाख 90 हजार 212 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर यात्रा करें और रेलवे के नियमों का पालन करें। यात्रियों से रेल परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा किसी भी अनियमितता की जानकारी तत्काल रेलवे अधिकारियों को देने का अनुरोध किया गया है।

प्रयागराज मंडल ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के लिए टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।