दिल्ली रोड पर सीएनजी पेट्रोल पंप के पास बोलेरो पिकअप में लगी आग, दमकल ने पाया काबू

मुरादाबाद। दिल्ली रोड पर ग्राम धनुपुरा स्थित लोधीपुर के पास सीएनजी पेट्रोल पंप के नजदीक गुरुवार को एक बोलेरो पिकअप में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

अग्निशमन केंद्र को सुबह 11:07 बजे आग लगने की सूचना मिली। सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा के निर्देशन में फायर सर्विस यूनिट 11:08 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम 11:35 बजे मौके पर पहुंची, जहां ग्राम धनुपुरा, दिल्ली रोड पर लोधीपुर के पास सीएनजी पेट्रोल पंप के नजदीक बोलेरो पिकअप में आग लगी हुई थी।

अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग को चारों ओर से घेर लिया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। मौके पर स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही।

अग्निशमन टीम की तत्परता से आग को समय रहते बुझा लिया गया और घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।