ट्रेन में छूटा 50 हजार रुपये और जरूरी कागजात से भरा बैग जीआरपी ने यात्री को लौटाया

कासगंज। अछनेरा-कासगंज पैसेंजर ट्रेन में छूटा 50 हजार रुपये नकद, कपड़े और जरूरी कागजात से भरा बैग जीआरपी पुलिस ने तलाश कर यात्री को लौटा दिया। बैग मिलने पर यात्री ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

जीआरपी पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे रेलवे स्टेशन कासगंज के प्लेटफार्म संख्या चार-पांच पर खड़ी ट्रेन संख्या 55332 अछनेरा-कासगंज पैसेंजर में चेकिंग के दौरान एक लावारिस बैग मिला। बैग में 500 रुपये के 100 नोट यानी कुल 50 हजार रुपये नकद, कपड़े और महत्वपूर्ण कागजात रखे थे। कागजात के आधार पर बैग के स्वामी की पहचान हाथरस जिले के सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के बरतर खास निवासी 72 वर्षीय नरेंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय पदम सिंह के रूप में हुई।

पुलिस ने उन्हें सूचना देकर थाने बुलाया। नरेंद्र सिंह ने बताया कि वह इसी ट्रेन से सिकंदराराऊ तक यात्रा कर रहे थे। जल्दबाजी में उनका बैग ट्रेन में ही छूट गया था। आवश्यक कार्रवाई के बाद जीआरपी ने नकदी और सभी सामान सहित बैग उन्हें सौंप दिया।

बैग और नकदी लौटाने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार और कांस्टेबल सौरभ चौधरी शामिल रहे।