हरदोई में संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, गुणवत्ता और पारदर्शिता से शिकायतों के निस्तारण के निर्देश, लापरवाह अधिकारियों को नोटिस

हरदोई। तहसील शाहाबाद में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में जिला आबकारी अधिकारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी और आबकारी निरीक्षक शाहाबाद समेत कुछ अधिकारी अनुपस्थित रहे, जबकि कुछ अधिकारी विलंब से पहुंचे। जिलाधिकारी ने इन अधिकारियों का जवाब तलब करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारित किया जाए। जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव है, उनका मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए।
राजस्व और भूमि विवाद से संबंधित मामलों में डीएम ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में अधिकारी मौके पर जाकर दोनों पक्षों की बात सुनें और नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि विवादों का प्रभावी समाधान हो सके।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुना। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मामलों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने को कहा।
इस अवसर पर प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी जेबी शैडें, एसडीएम शाहाबाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।