कोड़री में बाढ़ पीड़ितों को राजस्व टीम ने वितरित की राहत किट

बाढ़ से टापू बन गया था ऐमापुर का कोडरी गांव

अमित श्रीवास्तव

शिवगढ़,रायबरेली। बाढ़ की विभीषिका झेल चुके कोडरी मजरे ऐमापुर गांव में गुरुवार को शासन के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक महेंद्र कुमार सोनकर और हल्का लेखपाल अमित कुमार ने गांव के 20 बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत किट वितरित की। विदित हो कि पिछले दिनों क्षेत्र में शिवगढ़ ड्रेन के उफनाने से कोडरी गांव टापू में तब्दील हो गया था। अचानक आई बाढ़ से ग्रामीणों के सामने खाने-पीने के सामान के साथ ही आवागमन की समस्या खड़ी हो गई थी। कई परिवारों को अपनी घर-गृहस्थी का सामान दुर्लभ हो गया था।बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी ग्रामीणों के सामने रोजमर्रा की जरूरतें जुटाने की चुनौतियां बनी हुई थी। राहत किट पाकर जयप्रकाश, महादेव, तारावती, राम सजीवन, धर्मराज, रामराज, सुमित्रा, अमरेंद्र कुमार, जगदीश, शिवा यादव, शिवकुमार, बलदेव और संगीता समेत सभी पीड़ितों के चेहरे खिल उठे। राजस्व निरीक्षक महेन्द्र सोनकर व लेखपाल अमित कुमार ने बताया कि 20 पीड़ितों को राहत किट दी गई। उन्होंने बताया कि राहत किट में राशन सामग्री, आलू की बोरी, तिरपाल, बाल्टी, लाई और मग इत्यादि सामान शामिल हैं।