कांग्रेस नेताओं को हरिनाम सिंह यादव की दो-टूक, बोले_पहले अपना राजनीतिक जनाधार बताइए, फिर सपा पर उंगली उठाइए

कांग्रेस नेताओं को हरिनाम सिंह यादव की दो-टूक, बोले_पहले अपना राजनीतिक जनाधार बताइए, फिर सपा पर उंगली उठाइए

हरदोई में सियासी बयानबाजी तेज, 2012, 2017 और 2022 के चुनावी प्रदर्शन का हिसाब मांगकर कांग्रेस को घेरा

#Hardoi 
.
जिले की सियासत में एक बार फिर जुबानी जंग तेज होती दिखाई दे रही है। समाजवादी पार्टी युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष हरिनाम सिंह यादव ने कांग्रेस नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए दो-टूक कहा कि सपा पर बयानबाजी करने से पहले कांग्रेस के नेता अपने राजनीतिक इतिहास और हरदोई में अपनी जमीन का भी हिसाब-किताब देख लें।

हरिनाम सिंह यादव ने सवाल उठाया कि वर्ष 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का उत्तर प्रदेश और खासकर हरदोई जनपद में कितना जनाधार था? किस विधानसभा में कितने वोट मिले और जनता के बीच पार्टी की कितनी पकड़ थी, इसका जवाब भी कांग्रेस नेताओं को देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज जिस समाजवादी पार्टी पर सवाल उठाए जा रहे हैं, उसी सपा के मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत से 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को भी मजबूती मिली। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गठबंधन धर्म निभाते हुए सहयोगियों का सम्मान किया है।

हरिनाम सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय दिखाई नहीं देता, बल्कि गांव-गांव और जनता के बीच रहकर संघर्ष करता है। भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लड़ाई लड़ता है। अखिलेश यादव पीडीए की आवाज को मजबूत कर रहे हैं।

उन्होंने साफ कहा कि भाजपा के खिलाफ लड़ाई में सभी सहयोगी दलों का साथ जरूरी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कोई भी सहयोगी दल सपा के संघर्ष और कार्यकर्ताओं के सम्मान को नजरअंदाज करे। गठबंधन में साथ चलना है तो एक-दूसरे का सम्मान भी करना पड़ेगा।

अंत में उन्होंने कांग्रेस नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव सिर पर है। बेवजह की बयानबाजी में समय गंवाने के बजाय अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटिए। जनता सब देख रही है और चुनाव के समय हर सवाल का जवाब अपने वोट से देगी।

उन्होंने दोहराया कि लड़ाई भाजपा से है, मगर समाजवादी कार्यकर्ता अपने सम्मान से कोई समझौता नहीं करेगा।

#highlightseveryonefollowers Akhilesh Yadav