अहमदाबाद मंडल में जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित, भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को किया याद

अहमदाबाद मंडल में जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित, भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को किया याद

रेल अधिकारियों ने बिरसा मुंडा के आदर्शों से ली प्रेरणा

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को भगवान बिरसा मुंडा जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव दिवस समारोह श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने की। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर तथा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित करके किया गया। इस दौरान मंडल के सभी शाखा अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने भगवान बिरसा मुंडा के प्रेरणादायी जीवन, अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक उत्थान के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया। अन्याय और शोषण के खिलाफ उनका संघर्ष, सामाजिक चेतना और आत्मसम्मान की भावना आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने अपने अल्प जीवन में जनजातीय समाज को संगठित कर उनके अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए ऐतिहासिक आंदोलन किया। उनका जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण और समाज के उत्थान की भावना का प्रतीक है।

मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपने जीवन और कार्यव्यवहार में अपनाएं। साथ ही जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के प्रति जागरूकता एवं सम्मान बढ़ाने का प्रयास करें।

कार्यक्रम का समापन भगवान बिरसा मुंडा के त्याग, बलिदान और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके अविस्मरणीय योगदान को नमन करते हुए किया गया।