अहमदाबाद मंडल ने अगस्त में कमाए ₹804.58 करोड़, राजस्व में ₹26.38 करोड़ की बढ़ोतरी

अहमदाबाद मंडल ने अगस्त में कमाए ₹804.58 करोड़, राजस्व में ₹26.38 करोड़ की बढ़ोतरी

माल लदान, पार्सल, टिकट जांच और गैर-किराया राजस्व में शानदार प्रदर्शन; माल ढुलाई में लक्ष्य से 7 प्रतिशत अधिक लदान

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने अगस्त 2026 में राजस्व और परिचालन के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए ₹804.58 करोड़ की कुल आय अर्जित की। अगस्त 2025 में मंडल की कुल आय ₹778.20 करोड़ रही थी। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में इस बार ₹26.38 करोड़ यानी करीब 3.39 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

मंडल ने माल ढुलाई, पार्सल, टिकट जांच और गैर-किराया राजस्व सहित विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन किया। इसके साथ ही नए ग्राहक, नए गंतव्य और नई माल ढुलाई सुविधाएं विकसित कर व्यवसाय को विस्तार दिया गया।

माल लदान में लक्ष्य से 7 प्रतिशत आगे

अगस्त में अहमदाबाद मंडल ने 44.651 लाख टन माल का लदान किया, जो निर्धारित लक्ष्य से 7 प्रतिशत अधिक रहा। इससे मंडल को ₹631.31 करोड़ की माल आय प्राप्त हुई, जो अगस्त 2025 की तुलना में 6.13 प्रतिशत अधिक है।

पार्सल क्षेत्र में भी मंडल ने बेहतर प्रदर्शन किया। अगस्त में ₹7.17 करोड़ की पार्सल आय हुई, जो निर्धारित मासिक लक्ष्य से 9 प्रतिशत और पिछले वर्ष की तुलना में 14 प्रतिशत अधिक है। टिकट जांच से भी ₹2.48 करोड़ की आय हुई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 21 प्रतिशत अधिक रही।

परिचालन क्षमता में भी हुआ विस्तार

अगस्त 2026 में औसतन 218.84 ट्रेन प्रतिदिन इंटरचेंज हुईं, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.5 प्रतिशत अधिक है। डीएफसी बिंदुओं पर औसत इंटरचेंज बढ़कर 100.81 ट्रेन प्रतिदिन हो गया, जिसमें 11.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए सामाखियाली?वोंध?भचाऊ, सानंद?छारोडी?जखवाड़ा तथा आंबलियासन?जगुदन?महेसाणा?भांडु मोटीदाऊ रेलखंडों में स्वचालित सिग्नलिंग शुरू की गई। अगस्त में 365 लंबी दूरी की मालगाड़ियां चलाई गईं। यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न ट्रेनों में 464 अतिरिक्त कोच लगाए गए तथा अहमदाबाद?भागलपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस का परिचालन भी शुरू किया गया।

कई माल टर्मिनलों ने बनाया सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड

अगस्त में कई टर्मिनलों ने अब तक की सर्वश्रेष्ठ मासिक माल आय दर्ज की। आर्या फ्रेट टर्मिनल प्राइवेट लिमिटेड, भीमासर ने ₹9.85 करोड़ की रिकॉर्ड आय हासिल की। वहीं दीन दयाल पोर्ट ट्रस्ट टर्मिनल ने ₹6.30 करोड़ और नवकार कॉरपोरेशन?वाधरवा ने ₹18.47 करोड़ की अब तक की सर्वश्रेष्ठ मासिक माल आय दर्ज की।

मंडल ने नए गंतव्यों और नए ग्राहकों से भी कारोबार बढ़ाया। डोडबल्लापुर के लिए ऑटोमोबाइल की सात रेक से ₹2.29 करोड़ तथा अरक्कोनम के लिए कंटेनर की चार रेक से ₹2.07 करोड़ का राजस्व अर्जित हुआ।

नए ग्राहकों और नई कमोडिटी से बढ़ा कारोबार

अगस्त में आईटीसी लिमिटेड, सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन, बिरला कॉरपोरेशन लिमिटेड और शिवशक्ति सी लिंक प्राइवेट लिमिटेड जैसे नए ग्राहक जुड़े। शिवशक्ति सी लिंक द्वारा आयातित स्टीम कोल की तीन रेक से ₹1.15 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ।

इसके अलावा लाइमस्टोन की पांच रेक का परिवहन किया गया, जिससे ₹1.91 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व मिला। शिवलखा में केएमटी इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड का माल टर्मिनल 6 अगस्त को तथा सांतलपुर में अतिरिक्त वेब्रिज 20 अगस्त को शुरू किया गया।

खाद्य सुरक्षा में सख्ती, 26 कैटरिंग इकाइयां बंद

कैटरिंग व्यवस्था में खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर मंडल ने सख्त रुख अपनाया। अगस्त में सभी 14 बेस किचन और एक रिफ्रेशमेंट रूम का औचक निरीक्षण किया गया। गंभीर अनियमितताओं पर कुल ₹34.50 लाख का जुर्माना लगाया गया और विभिन्न खामियों के चलते 26 कैटरिंग इकाइयों को बंद किया गया।

पार्सल कारोबार में भी मिली बड़ी सफलता

19 और 20 अगस्त को आयोजित ई-नीलामी में तीन पार्सल परिसंपत्तियों को लीज पर दिया गया, जिससे तीन वर्षों में ₹2.26 करोड़ के राजस्व की उम्मीद है। वहीं 30 अगस्त को अहमदाबाद मंडल ने अपनी 50वीं जेपीपी-आरसीएस पार्सल सेवा सफलतापूर्वक संचालित की। 50 ट्रिप से वित्त वर्ष 2025-26 में ₹3.85 करोड़ और चालू वित्त वर्ष में 30 अगस्त तक ₹2.45 करोड़ की पार्सल आय अर्जित हुई।

टिकट जांच और स्वच्छता अभियान भी जारी

टिकट जांच अभियानों के दौरान विशेष जांच में 1,678 अनियमित यात्रा के मामले पकड़े गए और ₹15.74 लाख का जुर्माना वसूला गया। वहीं स्टेशनों को स्वच्छ एवं धूम्रपान-मुक्त बनाए रखने के अभियान में गंदगी और थूकने के करीब 988 मामले पकड़े गए, जिनसे ₹2.47 लाख का जुर्माना वसूला गया। धूम्रपान के नौ मामलों में ₹18 हजार का जुर्माना लगाया गया।

अहमदाबाद मंडल के इस प्रदर्शन से माल ढुलाई, यात्री सुविधाओं, पार्सल कारोबार और गैर-किराया आय के क्षेत्र में मंडल की लगातार मजबूत होती स्थिति सामने आई है।