अब मोबाइल ऐप से बुक कर सकेंगे कुली और व्हीलचेयर सेवा, अजमेर मंडल की यात्रियों को बड़ी सुविधा

अजमेर। रेल यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर कुली या व्हीलचेयर की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा। यात्री अपने स्मार्टफोन और इंटरनेट के माध्यम से मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट पर यात्री सहायक (कुली) और व्हीलचेयर सेवा की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने बताया कि इन सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग के लिए मोबाइल ऐप और वेबसाइट आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने तथा संचालन की जिम्मेदारी मेसर्स 'माय साथी' को सौंपी गई है। इसके लिए रेलवे की ई-नीलामी प्रणाली के तहत आईआरईपीएस पोर्टल पर पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई गई है। यह अनुबंध 3 वर्ष के लिए 16 नवंबर 2026 से प्रभावी होगा।

इस व्यवस्था के तहत संबंधित कंपनी मोबाइल ऐप और वेबसाइट विकसित करने के साथ क्लाउड होस्टिंग, रखरखाव, ग्राहक सहायता और परिचालन प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेगी। डिजिटल प्लेटफॉर्म शुरू होने के बाद यात्री अपनी जरूरत के अनुसार पहले से ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे और स्टेशन पहुंचने पर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने कहा कि यह पहल यात्रियों के लिए काफी सुविधाजनक साबित होगी। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से यात्री सहायक और व्हीलचेयर सेवा प्राप्त करना आसान होगा। इससे यात्रियों के समय की बचत होगी और स्टेशन पर सुविधाओं का लाभ लेने में भी आसानी रहेगी।

इस सुविधा से विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, बीमार यात्रियों, महिला यात्रियों और भारी सामान लेकर सफर करने वाले लोगों को राहत मिलेगी। रेलवे की यह पहल यात्री सुविधाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ने और सेवाओं को अधिक सरल एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।