दीपावली पर महिला कल्याण संगठन ने 70 सफाई कर्मियों को भेंट किए कंबल, चेहरों पर आई मुस्कान

अजमेर। दीपावली के पर्व पर खुशियां बांटने और सफाई कर्मियों के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, अजमेर मंडल की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। 4 नवंबर को अजमेर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में स्टेशन की स्वच्छता व्यवस्था में जुटे 70 कार्यरत सफाई कर्मियों को उपहार स्वरूप कंबल वितरित किए गए।

कार्यक्रम महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा रिंकल भूतड़ा के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इस दौरान संगठन की सचिव ज्योति उषाहरा, कोषाध्यक्ष मोनिका मीना सहित कार्यकारिणी की अन्य सदस्याएं मौजूद रहीं।

अध्यक्षा रिंकल भूतड़ा ने सफाई कर्मियों और उनके परिवारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रेलवे स्टेशन को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सफाई कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। त्योहार की खुशियां उनके साथ साझा करना संगठन के लिए खुशी और गर्व का विषय है।

कंबल और उपहार पाकर सफाई कर्मियों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने महिला कल्याण संगठन का आभार जताया। कार्यक्रम में रेलवे के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।