अजमेर के 815वें उर्स मेले को लेकर रेलवे ने तेज की तैयारियां, देशभर से जायरीन की सुविधा के लिए चलाई जाएंगी विशेष ट्रेनें

अजमेर। सूफी संत हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती के 815वें वार्षिक उर्स मेले को लेकर उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अजमेर में 05 दिसंबर से 20 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले उर्स मेले में देशभर से आने वाले जायरीन की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा के लिए रेलवे विशेष इंतजाम करेगा। इसी संबंध में गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभा कक्ष में मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने बताया कि बैठक में उर्स मेले के दौरान विशेष रेलगाड़ियों के संचालन, समय-सारणी, रखरखाव और यात्री सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। रेलवे की ओर से पिछले वर्षों की तरह इस बार भी उर्स स्पेशल रेलगाड़ियां चलाई जाएंगी। इसके साथ ही नियमित ट्रेनों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त डिब्बे भी लगाए जाएंगे।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने कहा कि उर्स के दौरान देशभर से अजमेर पहुंचने वाले जायरीन की सुरक्षा और सुविधा रेलवे की प्राथमिकता है। यात्रियों को आसानी से टिकट उपलब्ध कराने के लिए अजमेर और मदार रेलवे स्टेशन के साथ कायड़ विश्रामस्थली तथा गरीब नवाज अतिथि गृह में अतिरिक्त टिकट एवं आरक्षण काउंटर खोले जाने पर विचार किया गया। इसके अलावा पूछताछ केंद्र और सहायता डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे।

बैठक में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी, बुजुर्गों और दिव्यांग जायरीन के लिए व्हीलचेयर, प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त कुलियों की उपलब्धता, अतिरिक्त सामान घर, स्वच्छ शौचालय और पेयजल की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। यात्रियों की सुविधा के लिए प्री-पेड परिवहन बूथ स्थापित करने तथा मदार रेलवे स्टेशन पर विशेष रेलगाड़ियों के ठहराव और आवागमन को सुगम बनाने पर भी जोर दिया गया।

रेलवे अधिकारियों ने चेन्नई, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से अजमेर आने वाले जायरीन की संख्या को ध्यान में रखते हुए विशेष रेलगाड़ियों के संचालन और उनके समय पर प्रचार-प्रसार की योजना पर विचार-विमर्श किया।

बैठक में दरगाह कमेटी के प्रतिनिधियों से भी सहयोग मांगा गया। रेलवे प्रशासन ने स्वयंसेवकों की उपलब्धता और व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन में सहयोग की अपील की। बैठक में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक भारती भारद्वाज, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव, मंडल सुरक्षा आयुक्त योगेन्द्र सिंह सहित कई रेल अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। रेलवे ने भरोसा दिलाया कि 815वें उर्स मेले के दौरान जायरीन को बेहतर यात्री सुविधाएं और सुरक्षित रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए जाएंगे।