नवीन तकनीकों के माध्यम से नेत्र स्वास्थ्य को नई दिशा दे रहा डा. श्रॉफ हॉस्पिटल

-डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल, वृंदावन में वार्षिक भागीदार बैठक का आयोजन

मथुरा। वृंदावन स्थित डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल में वार्षिक भागीदार बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें करीब 100 से अधिक कम्युनिटी पार्टनर्स की सक्रिय उपस्थिति ने आयोजन को विशेष और प्रेरणादायक बना दिया। बैठक में नेत्रदान के महत्व पर विशेष चर्चा की गई। सभी भागीदारों को बताया गया कि नेत्रदान से कई लोगों को न केवल रोशनी मिल सकती है, बल्कि यह समाज में एक बड़ा योगदान होगा। इस पहल को बढ़ावा देने के लिए संस्थान ने जागरूकता अभियानों को तेज करने का निर्णय लिया। भागीदारों से संस्था की गतिविधियों और कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने के लिए सुझाव लिए गए।

उच्च गुणवत्ता की नेत्र सेवाएं

वरिष्ठ प्रशासक चरन मैसी ने सभी भागीदारों का स्वागत किया और अस्पताल की उपलब्धियों तथा संस्था की सेवा यात्रा पर विस्तृत जानकारी दी। सामुदायिक कार्यक्रम प्रमुख विनय सिंह ने बताया कि संस्था द्वारा मथुरा, आगरा, अलीगढ़ और हाथरस जिलों में 30 विजन सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा, मोतियाबिंद कैंप का आयोजन किया जाता है। जिसके माध्यम से मरीजों को मुफ्त जांच और सर्जरी की सुविधा दी जा रही है। आयुष्मान भारत योजना के तहत भी मरीजों को उच्च गुणवत्ता की नेत्र सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को भी उपचार का लाभ मिल रहा है। मथुरा जनपद के करीब 700 गांवों को "निवारणीय अंधता मुक्त" बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वरिष्ठ पत्रकार योगेश कौशिक ने कहा कि योग्यता, संवेदनशीलता और सेवा-भावना का जो अद्भुत संगम डाॅ. श्रॉफ हॉस्पिटल में देखने को मिलता है वह अनुकरणीय है। यहां हज़ारों लोगों को दृष्टि का वरदान दिया गया है।

नेत्र रोगों की करें पहचान

वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. सुफयान दानिश ने अस्पताल में दी जा रही उच्च गुणवत्ता वाली नेत्र सेवाओं, सर्जरी प्रक्रिया और प्रमुख नेत्र रोगों की पहचान व उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मैनेजर नवल चौहान ने उत्तर भारत में संस्था द्वारा संचालित सेवाओं के विस्तार, प्रभाव और रणनीतियों पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ ऑप्टोमेट्रिस्ट बीपी सिंह ने नेत्र स्वास्थ्य से संबंधित बीमारियों पर एक प्रभावशाली प्रेजेंटेशन दिया। जिसमें उन्होंने रोकथाम और इलाज के विभिन्न पहलुओं को साझा किया। कम्युनिटी ऑप्टोमेट्रिस्ट बबलू चौधरी ने मथुरा परियोजना के बारे में जानकारी दी और कम्युनिटी ऑप्टोमेट्रिस्ट के योगदान को रेखांकित किया। प्रेम ने परियोजना में समर्थन के लिए सभी से आभार व्यक्त किया और सामूहिक प्रयासों की महत्ता को रेखांकित किया। सीनियर कोऑर्डिनेटर संजय कौशिक ने कैंप में समर्थन मिलने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। सुनील शर्मा ने अस्पताल द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं की मुक्त कंठ से सराहना की। बैठक के अंत में सभी भागीदारों को प्रमाण पत्र प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर देवेंद्र सिंह, शिवकुमार सोनी आदि थे।

अस्पताल की भविष्य की योजनाएं

बैठक सामुदायिक नेत्र स्वास्थ्य के क्षेत्र में सहभागिता को सशक्त बनाने, ज्ञान के आदान-प्रदान और समर्पण की भावना को बढ़ाने के लिए सफल सिद्ध हुई। हमारी योजना है कि हम लेसिक और अन्य ऑप्टिकल प्रक्रियाओं को और अधिक प्रभावी तरीके से बढ़ावा दें। स्थानीय स्तर पर प्रमाणित नेत्र चिकित्सा पैरामेडिक्स को प्रशिक्षित करके उन्हें सेवाओं का हिस्सा बनाने। वहीं नेत्रदान को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान और समुदाय से जुड़ने के प्रयासों को तेज किया जाएगा।