सेहरामऊ उत्तरी के गांव महादेव में आग लगने से 12 घर जलकर राख

पीलीभीत। थाना सेहरामऊ उत्तरी के गांव महादेव में आग लगने से 12 घर जलकर राख हो गए। आग में दो बकरी जलकर मर गईं। जबकि दो पशु झुलस गए। नकदी समेत हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड की टीम पहुंचने से पहले ही सब कुछ जलकर राख हो गया। राजस्व टीम ने 23 परिवारों के प्रभावित होना पाया। इसके अलावा दो अन्य जगहों पर करीब 50 एकड़ से अधिक क्षेत्र में खड़ी नरई जलकर राख हो गई। बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे गांव महादेव के आबादी से कुछ दूरी पर बने घरों में आग लग गई। तेज हवा के चलते लगी आग से आसपास के सभी 12 से अधिक घर जलकर राख हो गए। गांव निवासी महेंद्र, राजेश, रामभरोसे, रंजीत, वीरेंद्र, डुकरा, पशुपाल, पप्पू, मीरा, विजय आदि का घरेलू सामान, नकदी आदि जलकर राख हो गया। एसडीएम अजीत प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार अभिषेक त्रिपाठी टीम के साथ पहुंंचे। नायब तहसीलदार ने बताया कि आगजनी में 23 परिवार प्रभावित हुए है। दो बकरी की जलकर मौत हो गई। एक पड्डा और एक बकरी झुलसी है। आग से हुए नुकसान के आंकलन को लेखपाल को लगाया गया है। इसके अलावा बृहस्पतिवार दोपहर तेज हवा चलने के दौरान मंडी समिति और गांव मुझा के समीप नरई के खेतों में लाग लग गई। आग बुझाने को कई किसान पहुंचे। कई ट्रैक्टरों से आसपास की जमीन को जोतकर आग को रोकने की कोशिश की गई। फायर ब्रिगेड टीम भी पहुंची। मगर इससे पहले गांव मुझा के किसान सर्वजीत सिंह, बलजिंदर सिंह सहित 10 से अधिक किसानों के खेतों में खड़ी 50 एकड़ से अधिक क्षेत्र में खड़ी नरई जलकर राख हो गई।