हरदोई में कांग्रेस की नई पहल, 'न्याय पेटिका' से मिलेगा जनता को समाधान, टोल फ्री नंबर हुआ जारी

हरदोई में कांग्रेस पार्टी ने जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 'न्याय पेटिका' नामक एक नई पहल की शुरुआत की है। शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने इस योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह शिकायत पेटिका जिला अस्पताल, सभी थानों, तहसीलों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित की जाएगी।

जनता अपनी शिकायतें इन पेटिकाओं में डाल सकेंगी, जिनका निस्तारण संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर किया जाएगा। इसके अलावा पार्टी ने एक टोल फ्री नंबर 05852-299188 भी जारी किया है, जिससे लोग सीधे अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे।

इस कार्यक्रम के दौरान संगठन सृजन अभियान के तहत नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। डॉ. राजीव सिंह को मिश्रिख लोकसभा और अजय सिंह को हरदोई लोकसभा का प्रभारी नियुक्त किया गया।

जिला अध्यक्ष विक्रम पांडे ने भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा राहुल गांधी का पुतला जलाने की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि 'न्याय पेटिका' आम जनता की आवाज को मंच देने का काम करेगी और यह लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम है। प्रेस वार्ता में जिला और शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी तथा सभी ब्लॉक अध्यक्ष भी मौजूद रहे।