तिनसुकिया और कटिहार मंडल का जनवरी, 2025 में उत्कृष्ट परिचालन प्रदर्शन

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पू. सी. रेलवे) अपने ग्राहकों की सेवा और अंतिम उपयोगकर्ताओं को आवश्यक वस्तुओं की समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे अथक प्रयास कर रही है। जनवरी, 2025 में तिनसुकिया और कटिहार मंडल ने माल लोडिंग एवं अनलोडिंग में निरंतर प्रगति की है।

जनवरी 2025 में, तिनसुकिया मंडल में विभिन्न वस्तुओं के लिए 0.1225 मिलियन टन माल लोड किया गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 15.9% अधिक है। 24 जनवरी, 2025 को एक ही दिन में कुल 273 वैगन लोड किए गए। इसी तरह, जनवरी 2025 में कुल 4124 वैगन अनलोड किए गए, जबकि दिसंबर 2024 में 3204 वैगन थे।

इसके अलावा, कटिहार मंडल में जनवरी, 2025 के दौरान विभिन्न वस्तुओं में 0.2322 मिलियन टन माल लोडिंग किया गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 21.19% अधिक है। इसी तरह जनवरी, 2025 में कुल 15905 वैगन अनलोड किए गए, जो इस वित्तीय वर्ष में सर्वाधिक है।

अन्य परिचालन मापदंडों में भी सुधार देखा गया। 05 जनवरी, 2025 को निकटवर्ती रेलवे ज़ोन के साथ सर्वाधिक 158 ट्रेनों का इंटरचेंज हुआ। जनवरी में कुल 4235 ट्रेनें इंटरचेंज हुई, जबकि पिछले साल उसी महीने में 4088 ट्रेनें इंटरचेंज हुई थीं।

परिचालन प्रदर्शन में निरंतर सुधार इस क्षेत्र में बढ़ती आर्थिक गतिविधियों को दर्शाता है। माल ढुलाई परिचालन में इस बढ़ते रूझान ने न केवल क्षेत्र की आर्थिक गतिशीलता को बढ़ावा प्रदान किया है, बल्कि पू. सी. रेलवे के लिए महत्वपूर्ण राजस्व का भी सृजन किया है। पू. सी. रेलवे का माल परिवहन में निरंतर प्रगति जारी है। यह अपनी सेवाओं की विश्वसनीयता और दक्षता को बढ़ाने के लिए तकनीकी उन्नयन पर केंद्रित है, जिससे भविष्य में और भी अधिक वृद्धि सुनिश्चित हो सके।