हरदोई में हर्षोल्लास से मनाया जा रहा स्वतंत्रता दिवस, एसपी ने पुलिस लाइन में किया ध्वजारोहण, सीओ हरियावां समेत विभिन्न पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

हरदोई। 78 वें स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर एसपी नीरज कुमार जादौन ने रिजर्व पुलिस लाइन हरदोई में ध्वजारोहण किया। इसके उपरान्त सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा पूर्वक अपने दायित्वों व कर्तव्यों के निर्वहन हेतु प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि पुलिस बल एक अनुशासित बल है। हमें अपने आपको हमेशा ऊर्जावान रखते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते रहना है।

हरदोई के पुलिस लाइन में एसपी नीरज कुमार जादौन ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा पुलिस बल अनुशासित बल है। जिसके कन्धों पर बहुत सारी जिम्मेदारियां होती हैं। हम सबको चुनौतीपूर्ण दायित्वों को पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निभाना होता है। हमें अपने आपको हमेशा ऊर्जावान रखते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते रहना है। कभी भी अपने आपको हतोत्साहित नहीं करना चाहिए। हम सब मिलकर एक टीम भावना से कार्य कर रहे हैं, प्रत्येक पुलिस अधिकारी पूरे पुलिस बल का प्रतिनिधित्व करता है। उसके द्वारा किया गया किसी भी प्रकार का सराहनीय कार्य व व्यवहार उसके व्यक्तिगत मान सम्मान को बढाता ही है। साथ में पुलिस बल के गौरव को भी बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि हम सब सौभाग्यशाली हैं कि इस जगह हमें सेवा करनें का दायित्व मिला है।

कार्यक्रम के दौरान एसपी हरदोई ने पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के शौर्य के आधार पर क्षेत्राधिकारी हरियावां को प्रशंसा चिन्ह (प्लेटिनम), निरीक्षक संजय पाण्डेय, उप निरीक्षक सत्यनारायण त्रिपाठी, उप निरीक्षक ब्रह्मनन्द सिंह, उप निरीक्षक अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल रामकृष्ण द्विवेदी, कांस्टेबल गौरव कुमार व कांस्टेबल आदित्य प्रताप सिंह को प्रशंसा चिन्ह (सिल्वर) एवं 10 पुलिस कर्मियों को अति उत्कृष्ट/उत्कृष्ट सेवा पदक व सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी/कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी दौरान पुलिस विभाग में शहीद हुए जवानों के परिजनों को सम्मानित किया गया तथा उपस्थित पुलिस पेंशनर्स से पुलिस के सहयोग हेतु अपील की गयी। साथ ही एसपी ने पुलिस परिवार के प्रत्येक सदस्यों के साथ समस्त जनपद व देश वासियों को स्वतंत्रता दिवस की ढ़ेर सारी शुभकामनाएं व बधाई दी है।

उन्होंने बताया कि जनपद के प्रत्येक थानों, चौकियों व कार्यालयों पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कर हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस के पर्व को मनाया जा रहा तथा एक दूसरे को बधाई व शुभकामनाएं दी जा रही हैं।