हरदोई में दो हत्यारोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली, घेराबंदी के बीच से एक हुआ फरार, दो पुलिसकर्मी भी हुए घायल

हरदोई। पाली थाना क्षेत्र खेमपुर गांव में विगत 29 जून की रात को रूपयों के लेनदेन को लेकर एक युवक की हत्या कर दी गई थी। मृतक के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया था। पुलिस ने चार आरोपियों को पहले ही मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। जिसमें दो आरोपियों के पैर में गोली लगी थी। फरार तीन अन्य हत्यारोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही थी। तभी दो आरोपी सरेंडर करने आए, जिनको पुलिस ने पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया है। इस घटना में आईजी प्रशांत कुमार भी मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने सख्त से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

बृहस्पतिवार को पुलिस, एसओजी एवं स्वाट सर्विलांस टीम ने शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में नर्मदा मंदिर के पीछे ग्राम करीमनगर के निकट अमन हत्याकांड के मुख्य आरोपी रिजवान पुत्र अबरार अली व उसके भाई इश्तियाक को घेर लिया। खुद को घिरा देख दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रिजवान और इश्तियाक के पैर में गोली लगी, पुलिस ने दोनों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया और सीएचसी शाहाबाद में भर्ती कराया। पुलिस इससे पहले अमन के हत्यारोपी सराय थाना शाहाबाद निवासी रिजवान, खेमपुर निवासी तौफीक, रहमान एवं अबरार अली को गिरफ्तार कर चुकी है। मुठभेड़ में रिजवान और तौफीक को पैर में गोली लगी थी। अब भी एक अभियुक्त जावेद पुत्र जुल्ला फरार चल रहा है। पुलिस टीमें लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। आरोपी सरेंडर करने के लिए आया था, जिसको पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किया। इस पर आरोपियों ने फायरिंग की तो जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया हैं। मुठभेड़ में गिरने पड़ने से दो पुलिसकर्मी कांस्टेबल अंकित तोमर व श्याम सुंदर घायल हुए है। जिनको पुलिस ने इलाज के लिए सीएचसी शाहाबाद में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों आरोपियों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां से उनको मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। आरोपियों के पास पुलिस ने दो तमंचे 315 बोर मय चार जिंदा व चार खोखा कारतूस बरामद किए है।

एसपी केशव चंद गोस्वामी ने बताया कि अमन हत्याकांड से जुड़े दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक आरोपी भागने में कामयाब हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। अब तक इस पूरे मामले में नामजद सात आरोपियों में से 6 की गिरफ्तारी हो चुकी हैं।